ऐडोबे

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
Revision as of 12:26, 18 July 2018 by यशी चौधरी (talk | contribs)
(diff) ← Older revision | Latest revision (diff) | Newer revision → (diff)
Jump to navigation Jump to search

ऐडोबे अमरीका के दक्षिण-पश्चिमी संयुक्त राज्य और उत्तरी मेक्सिको में ऐडोबे कच्ची ईट और कच्ची ईटों से बने मकान को कहते हैं। उस मिट्टी को भी बहुधा ऐडोबे कहते हैं जिससे अच्छी ईटें बनती हैं। यह शब्द स्पेन के 'ऐडोबार' शब्द से निकला है, जिसका अर्थ है मिट्टी का लेप या पलस्तर। ऐडोबे ईट बनाने के लिए मिट्टी, थोड़ा सा भूसा, पुआल, या सूखी घास मिलाकर सान ली जाती है और फिर पैर से कुचलकर अच्छी तरह गूँध ली जाती है। तदनंतर लकड़ी के साँचों की सहायता से ईटें बना ली जाती हैं। नाप में यह ईटे साधारण ईटों से लेकर दो गज तक लंबी, एक फुट तक चौड़ी और आठ इंच तक मोटी होती है। ईटोंं की जोड़ाई मिट्टी के ही गारों से की जाती है और मिट्टी से ही बाहर और भीतर पलस्तर भी कर दिया जाता है। सूख जाने पर चूना कर दिया जाता है। चौड़ा छज्जा और अच्छी छत रहने पर, जो वर्षा में टपके नहीं, अमरीका और मेक्सिको में ये मकान बरसों, कभी कभी सैकड़ों वर्ष, चलते हैं। कॉलोरेडो (अमरीका) में पृथक्‌ ईटं बनाने की प्रथा नहीं है।[1] वहाँ दीवार बनाने के लिए अगल बगल अस्थायी रूप से पटरे खड़े कर दिए जाते हैं और उनके बीच कड़ी सनी हुई मिट्टी कूट दी जाती है। कुछ दिन तक सूखने देकर पटरों को अधिक ऊँचाई पर बाँधते हैं और इस प्रकार तह पर तह मिट्टी डालकर दीवार बना लेते हैं। दीवारें चाहे इस प्रकार बनें, चाहे ईटोंं से, पर जब उनपर बाहर से सीमेंट का पलस्तर कर दिया जाता है तो ये (ऐडोबे के) मकान बहुत टिकाऊ होते हैं। ऐडोबे की ईटं बनाने के लिए वही मिट्टी अच्छी होती है जो सूखने पर बहुत कड़ी और मजबूत हो जाती है।[2]


पन्ने की प्रगति अवस्था
आधार
प्रारम्भिक
माध्यमिक
पूर्णता
शोध

टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. हिन्दी विश्वकोश, खण्ड 2 |प्रकाशक: नागरी प्रचारिणी सभा, वाराणसी |संकलन: भारत डिस्कवरी पुस्तकालय |पृष्ठ संख्या: 375 |
  2. सं.ग्रं.–आर.एम. सिंगर : ऐडोबे हाउस कंस्ट्रक्शन (नैशनल बिल्डर, खंड 67, पृ. 74-76, 1924)।

संबंधित लेख

__INDEX_

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                              अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र   अः