महाभारत आदि पर्व अध्याय 2 श्लोक 347-365

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
Revision as of 07:49, 3 January 2016 by व्यवस्थापन (talk | contribs) (Text replacement - "रूचि" to "रुचि")
Jump to navigation Jump to search

द्वितीय (2) अध्‍याय: आदि पर्व (पर्वसंग्रह पर्व)

महाभारत: आदि पर्व: द्वितीय अध्याय: श्लोक 347- 365 का हिन्दी अनुवाद

जहाँ राजा धृतराष्ट्र युद्ध में मरकर परलोक में गये हुए अपने वीर पुत्रों, पौत्रों तथा अन्य राजाओं को भी पुनः अपने पास आया हुआ देखा। मर्हिष व्यास जी के प्रसाद से यह उत्तम आश्वर्य देखकर गान्धारी सहित धृतराष्ट्र ने शोक त्याग दिया और उत्तम सिद्धि प्राप्‍त कर ली। इसी पर्व में यह बात भी आयी है कि विदुर जी ने धर्म का आश्रय लेकर उत्तम गति प्राप्त की। साथ ही मन्त्रियों सहित जितेन्द्रिय विद्वान गवल्गण-पुत्र संजय ने भी उत्तम पद प्राप्त कर लिया। इसी पर्व में यह बात भी आयी है कि धर्मराज युधिष्ठिर को नारद जी का दर्शन हुआ। नारद जी से ही उन्होंने यदुवंशियों के महान संहार का समाचार सुना। यह अत्यन्त अदभुत आश्रमवासिक पर्व कहा गया है। इस पर्व में अध्यायों की संख्या बयालीस है। तत्वदर्शी व्यास जी ने इसमें एक हजार पाँच सौ छः (1506) श्लोक रक्खे है। इसके बाद मौसल पर्व की सूची सुनो- यह पर्व अत्यन्त दारुण है। इसी में यह बात आयी है कि श्रेष्ठ यदुवंशी वीर क्षार समुद्र के तट पर आपस के युद्ध में अस्त्र- शस्त्रों के स्पर्श मात्र से मारे गये। ब्राह्मणों के शाप ने उन्हें पहले ही पीस डाला था। उन सब ने मधुपान के स्थान में जाकर खूव पीया और नशे से होश हवास खो बैठे। फिर दैव से प्रेरित हो परस्पर संघर्ष करके उन्होंने एरकारूपी वज्र से एक दूसरे को मार डाला। वहीं सबका संहार करके बलराम और श्रीकृष्ण दोनों भाईयों ने समर्थ होते हुए भी अपने ऊपर आये हुए सर्व संहारकारी महान काल का उल्लंघन नहीं किया(महर्षियों की वाणी सत्य करने के लिये काल का आदेश स्वेच्छा से अंगीकार कर लिया)। वहीं यह प्रसंग भी है कि नरश्रेष्ठ अर्जुन द्वारका में आये और उसे वृष्णिवंशियों से सूनी देखकर विषाद में डूब गये उस समय उनके मन में बड़ी पीड़ा हुई। उन्होंने अपने मामा नररेष्ठ वसुदेव जी का दाह-संस्कार करके आपानस्थान में जाकर यदुवंश वीरों के विकट विनाश का रोमांचकारी दृश्य देखा। वहाँ से भगवान श्री कृष्ण, महात्मा बलराम तथा प्रधान वृष्णिवंशी वीरों के शरीरों को लेकर उन्होंने उनका संस्कार सम्पन्न किया। तदनन्तर अर्जुन ने द्वारका के बालक, वृद्ध तथा स्त्रियों को साथ ले वहाँ से प्रस्थान किया। परन्तु उस दुःखदायिनी विपत्ति में उन्होंने अपने गाण्डीव धनुष की अभूतपूर्व पराजय देखी। उनके सभी दिव्यास्त्र उस समय अप्रसन्न से होकर विस्मृत हो गये। वृष्णिकुल की स्त्रियों का देखते-देखते अपहरण हो जाता और अपने प्रभावों का स्थिर न रहना,यह सब देख कर अर्जुन को बड़ा निर्वेद (दुःख) हुआ। फिर उन्होंने व्यास जी के वचनों से प्रेरित हो धर्मराज युधिष्ठिर से मिलकर सन्यास में अभिरुचि दिखायी। इस प्रकार यह सोलहवाँ मौसलपर्व कहा गया है। इसमें तत्वज्ञानी व्यास ने गिनकर आठ अध्याय और तीन सौ बीस (320) श्लोक कहे हैं। इसके पश्चात सत्रहवाँ महाप्रस्थानिक पर्व कहा गया है। जिसमें नरश्रेष्ठ पाण्डव अपना राज्य छोड़कर द्रौपदी के साथ महाप्रस्थान के[1] पथ पर आ गये। उस यात्रा में उन्होंने लाल सागर के पास पहुँचकर साक्षात अग्निदेव को देखा और उन्हीं की प्रेरणा से पार्थ ने उन महात्मा को आदर पूर्वक अपना उत्तम एवं दिव्य गाण्डीव धनुष अर्पण कर दिया। उसी पर्व में यह भी कहा गया है कि राजा युधिष्ठिर ने मार्ग में गिरे हुए अपने भाईयों और द्रौपदी को देखकर भी उनकी क्या दशा हुई, यह जानने के लिये पीछे की ओर फिरकर नहीं देखा और उन सबको छोड़कर आगे बढ़ गये। यह सत्रहवाँ ‘महाप्रस्थानिक’ पर्व कहा गया है।


« पीछे आगे »

टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. घर छोड़कर निराहार रहते हुए, स्वेच्छा से मृत्यु का वरण करने के लिये निकल जाना और विभिन्न दिशाओं में भ्रमण करते हुए अन्त में उत्तर दिशा हिमालय की ओर जाना-महाप्रस्थान कहलाता है-पाण्डवों ने ऐसा ही किया।

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                              अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र   अः