इक्वेडोर

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
Revision as of 11:29, 27 June 2018 by यशी चौधरी (talk | contribs) (''''इक्वेडोर''' पश्चिमी दक्षिण अमरीका का एक देश है (क्ष...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)
(diff) ← Older revision | Latest revision (diff) | Newer revision → (diff)
Jump to navigation Jump to search

इक्वेडोर पश्चिमी दक्षिण अमरीका का एक देश है (क्षेत्रफल : 1,04,505 वर्ग मील, लगभग; जनसंख्या 55,85,400 (1967); राजधानी : कुइटो, जनसंख्या 4,62,863)।

इसके उत्तर में कोलंबिया, पूर्व और दक्षिण में पेरू तथा पश्चिम में प्रशांत महासागर स्थित है।

प्राकृतिक दशा-उत्तर दक्षिण फैला हुआ ऐंडीज़ इक्वेडोर को दो भागों में विभाजित करता है। इस देश में इसकी दो पर्वतश्रेणियाँ हैं जिनके मध्य में ऊँचे पठार हैं। भूतकाल एवं वर्तमान काल में संभवत: यही भूभाग, अमरीका में ज्वालामुखी से सर्वाधिक प्रभावित रहा है। इस समय यहाँ के चिंबोरज़ों (20,575 फुट) तथा कोटापैक्सी (19,339 फुट) संसार के सर्वोच्च ज्वालामुखी प्रदेश में बिखरे हुए हैं। यहाँ की नदियां नौकावहन के योग्य नहीं हैं।

जलवायु - इक्वेडोर का समुद्रतटीय प्रदेश उष्ण और आर्द्र है। यहाँ का औसत ताप 75° फा. से 80° फा. तक है। आंतरिक प्रदेशों में घाटियों का ताप लगभग 90° फा. तथा उच्च पठारों का केवल 50° फा. रहता है।

वनस्पति - ऐंडीज़ के उच्च पठारों तथा प्रशांत महासागर तट के शुष्क प्रदेश को छोड़कर समस्त इक्वेडोर सघन वनों से ढका है। यहाँ के वनों में डाई वुड (एक लकड़ी जिससे रंग निकलता है), सिनकोना (जिससे क्वीनीन निकलती है) तथा बलसा वुड (एक अत्यंत हल्की लकड़ी) बहुतायत से मिलते हैं।

उत्पादन - पूँजी, यातायात के साधन तथा प्रशिक्षित श्रमिकों की कमी के कारण कृषि ही यहाँ का मुख्य उद्यम हैं। यहाँ के लोग सागरतटीय प्रदेश तथा निम्न धरातल की नदीघाटियों में उष्णप्रदेशीय वस्तुएँ और उच्च घाटियों तथा पर्वतीय ढालों पर अनाज, फल, तरकारी, आदि शीतोष्ण प्रदेशीय वस्तुएँ उत्पन्न करने के साथ पशुपालन भी करते हैं। यहाँ की 4.5 प्रतिशत भूमि पर कृषि तथा 4.1 प्रतिशत भूमि पर पशुपालन होता है। 74.1 प्रतिशत पर वन हैं। 15.9 प्रतिशत भूमि कृषि योग्य नहीं है। 1.4 प्रतिशत को कार्य योग्य बनाया जा सकता है।

कोको यहाँ का प्रधान कृषि उत्पादन है। कहवा, चावल, केला, चीनी, रुई, मक्का, आलू, संतरा, नीबू एवं पशु यहाँ के अन्य मुख्य उत्पादन हैं।

यहाँ का महत्वपूर्ण खनिज पदार्थ पेट्रोलियम है। सोना, ताँबा, चाँदी, गंधक यहाँ के अन्य मुख्य खनिज हैं।

हाल में यहाँ पर उद्योग धंधों में कुछ प्रगति हुई है। कताई बुनाई यहाँ का मुख्य उद्योग है। दवा, बिस्कुट, रबर की वस्तुएँ, नकली रेशम, सीमेंट आदि उद्योग यहाँ प्रगति पर हैं। यहाँ के अन्य उद्योग चीनी, जूता, लकड़ी, ऐल्कोहल, तंबाकू दियासलाई बनाना आदि हैं।

इक्वेडोर कच्चे मालों का निर्यात तथा पक्के मालों का आयात करता है। संपूर्ण निर्यात की हुई वस्तुओं की 90 प्रतिशत खनिज एवं कृषिज वस्तुएँ हैं। प्रमुखता के क्रमानुसार निर्यात की हुई वस्तुएँ कोको, कहवा, केला, चावल, कच्चा पेट्रोलियम तथा बलसा वुड हैं।

यहाँ की सरकार संसद् (सिनेट) तथा मंत्रिमंडल द्वारा बनी है। राष्ट्रपति एवं उपराष्ट्रपति चार वर्षों के लिए निर्वाचित होते हैं। यहाँ पर प्रारंभिक शिक्षा नि:शुल्क तथा अनिवार्य है।[1]


पन्ने की प्रगति अवस्था
आधार
प्रारम्भिक
माध्यमिक
पूर्णता
शोध

टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. हिन्दी विश्वकोश, खण्ड 1 |प्रकाशक: नागरी प्रचारिणी सभा, वाराणसी |संकलन: भारत डिस्कवरी पुस्तकालय |पृष्ठ संख्या: 506 |

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                              अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र   अः